किफायती विमानन सेवा उपलब्ध कराने वाली स्पाइसजेट एयरलाइंस ने 2,013 रुपये में 10 लाख सीटों का अपने घरेलू नेटवर्क में यात्रा का बंपर ऑफर पेश किया है। यह प्रमोशनल ऑफर 1 फरवरी से 30 अप्रैल के बीच यात्रा के लिए वैध होगा और टिकटों की बुकिंग 13 जनवरी तक कराई जा सकेगी। इससे पहले, एयर इंडिया भी ‘जल्दी-जल्दी’ नाम से इस तरह की स्कीम लांच कर चुकी है।
इंडस्ट्री के सूत्रों का कहना है कि स्पाइसजेट के इस ऑफर के बाद अन्य दूसरी एयरलाइंस भी ऐसी स्कीमें पेश कर सकती हैं। कंपनी प्रवक्ता के मुताबिक इस ‘बिग सेल’ ऑफर की बुकिंग स्पाइसजेट की वेबसाइट, ऑनलाइन ट्रेवल एजेंट और अन्य ट्रेवल एजेसियों के जरिए ही कराई जा सकेगी। यह ऑफर सीधी उड़ानों पर ही उपलब्ध होगा।
स्पाइसजेट के सीईओ नील मिल्स का कहना है कि यह ऑफर सभी हवाई यात्रियों को कम कीमत पर यात्रा करने का अवसर उपलब्ध कराएगा। इस स्कीम के जरिए लोग रेल किराये से भी कम में हवाई यात्रा कर सकेंगे। सरकार द्वारा रेल किराये में बढ़ोतरी के एक दिन बाद कंपनी ने यह ऑफर पेश किया है।