मोदी सरकार के पहले बजट में इन्फ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को बढ़ावा दिए जाने की उम्मीद में शेयर बाजार में बुधवार को तूफानी तेजी देखने को मिली। चौतरफा लिवाली के चलते बाजार नए टॉप पर जा पहुंचा।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 324.86 अंक चढ़कर 25,841.21 अंक बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 90.45 अंक की बढ़त के साथ पहली बार 7,700 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते हुए 7,725.15 अंक के शिखर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 25,864.53 अंक के ऑल टाइम हाई स्तर को छुआ। निफ्टी भी 7,732.40 अंक की ऊंचाई तक गया।
लिवाली के बल पर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी रही और बीएसई के 13 में से 12 सेक्टर बढ़त में रहे। मेटल, पावर, हेल्थकेयर, कैपिटल गुड्स, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, बैंकिंग, तेल-गैस वर्गों में सबसे ज्यादा तेजी रही। रुपये में मजबूती के चलते आईटी सेक्टर में सुस्ती देखने को मिली।
बीएसई में कुल 3,178 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1,906 बढ़त में और 1,158 गिरावट में रहे जबकि 114 में कोई बदलाव नहीं हुआ। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से केवल गेल इंडिया और इनफोसिस में गिरावट रही, शेष सभी लाभ में रहे।
सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाले शेयरों में एसएसएलटी, एनटीपीसी, भेल, एचडीएफसी, मारुति सुजुकी, कोल इंडिया, सन फार्मा, महिंद्रा, एचडीएफसी, एलएंडटी, सिप्ला, डा रेड्डीज, एयरटेल, आईटीसी, हीरो मोटोकॉर्प, ओएनजीसी, रिलायंस, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज ऑटो, टाटा मोटर्स, टाटा पावर, एसबीआई, विप्रो, टाटा स्टील, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, एक्सिस बैंक और टीसीएस शामिल रहे।