विवादास्पद कानून गार को दो साल के लिए टाले जाने और थोक महंगाई का आंकड़ा तीन साल के निचले स्तर पर पहुंचने जैसी सकारात्मक खबरों के चलते हुई जोरदार लिवाली से घरेलू शेयर बाजार करीब दो साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। बीएसई का सेंसेक्स 242.77 अंक उछलकर 19,906.41 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले 6 जनवरी 2011 को उसने यह स्तर छुआ था। एनएसई का निफ्टी भी 72.75 अंक चढ़कर 6,024.05 अंक पर रहा।
बड़ी कंपनियों की तुलना में छोटी और मझोली कंपनियों में लिवाली थोड़ी सुस्त रही। बीएसई का मिडकैप 86.18 अंक बढ़कर 7,243.06 अंक पर और स्मॉलकैप 54.89 अंक उठकर 7,509.65 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से बढ़त में रहने वालों में ओएनजीसी 4.28 फीसदी, इनफोसिस 3.49 जिंदल स्टील 3.34, टीसीएस 2.14, एचडीएफसी 1.93, गेल इंडिया 1.70, आईसीआईसीआई बैंक 1.66, आईटीसी 1.61, टाटा स्टील 1.60, एलएंडटी 1.50, एयरटेल 1.45, हिन्दुस्तान यूनिलीवर 1.33, एनटीपीसी 1.31, डा रेड्डी 0.99, भेल 0.95 और स्टरलाइट 0.94 शामिल हैं।
गिरावट में रहने वाले शेयरों में मारुति 1.72 फीसदी, सिप्ला 1.23, बजाज ऑटो 1.14, टाटा मोटर्स 0.65 प्रतिशत, महिंद्रा 0.64, सनफार्मा 0.58, टाटा पावर 0.56, विप्रो 0.38 और कोल इंडिया 0.03 प्रतिशत शामिल हैं। बीएसई में शामिल समूहों में से ऑटो 0.46 प्रतिशत और हेल्थकेयर 0.06 फीसदी की गिरावट में रहे, जबकि शेष सभी बढ़त में रहे, जिनमें रीयल्टी 5.01 प्रतिशत, आईटी 2.57, टेक 2.37, सीडी 1.80, तेल एवं गैस 1.58, पीएसयू 1.50, धातु 1.26, सीजी 1.18, एफएमसीजी 1.17, बैंकिंग 1.07 और पावर 0.96 फीसदी के साथ शामिल रहे।
विदेशी बाजारों में तेजी के रुख ने घरेलू बाजार की धारणा को शुरू से ही मजबूत बनाए रखा। बीएसई के सेंसेक्स में 26 अंकों की बढ़त के साथ 19689.09 अंक पर खुला और पूरे सत्र यह इससे नीचे नहीं उतरा। इसी दौरान महंगाई के आंकडे़ जारी होने और सरकार की ओर से गार को दो साल के लिए टालते हुए 1 अप्रैल 2014 के बजाय 1 अप्रैल 2016 से लागू करने की घोषणा ने बाजार में उत्साह भर दिया।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफ्आईआई) को गार के दायरे से बाहर रखने का भी एलान से खुश संस्थागत विदेशी निवेशकों ने भी अच्छी लिवाली की और देखते ही देखते सेंसेक्स 20 हजार अंक की ओर बढ़ते हुये 19948.63 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। अंत में पिछले सत्र के 19,663.64 अंक की तुलना में 242.77 अंक चढ़कर 19,906.41 अंक पर बंद हुआ।
एनएसई के निफ्टी में कारोबार 16 अंकों की बढ़त के साथ 5967.20 अंक पर शुरू हुआ। सेंसेक्स के विपरीत शुरुआत में इस पर बिकवाली के दबाव देखा गया, जिसके चलते यह 5962.15 अंक के निचजं स्तर तक लुढ़का लेकिन लिवाली शुरू होने पर जल्द ही छह हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करता हुआ 6,036.90 अंक के ऊपरी स्तर तक जा चढ़ा। आखिर में 72.75 अंक चढ़कर 6024.05 अंक पर बंद हुआ।