देश के शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए सेंसेक्स जहां 169 अंक चढ़कर 19340 पर बंद हुआ वहीं निफ्टी में 55 अंकों की बढ़त के साथ 5880 पर बंद हुआ। बाजार में आज जीडीपी आंकड़ो का असर देखा गया। इस कारण से बाजार में जबरदस्त खरीददारी का माहौल रहा। मझौले शेयरों में जबर्दस्त तेजी आई और निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 2 फीसदी उछला। बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में 1 फीसदी की मजबूती आई।
तकनीकी, आईटी और हेल्थकेयर शेयरों में 0.5 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई। मेटल शेयर 2 फीसदी उछले। पावर, पीएसयू, बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑयल एंड गैस, कैपिटल गुड्स शेयर करीब 2-1 फीसदी चढ़े। वहीं दूसरी ओर ऑटो, एफएमसीजी, रियल्टी शेयर 0.3-0.2 फीसदी फिसले।
सेंसेक्स-निफ्टी के साथ-साथ कई शेयर भी नई ऊंचाई पर पहुंचे। एचडीएफसी, सिप्ला, एचडीएफसी बैंक, डॉ रेड्डीज, आईडीएफसी, जेपी एसोसिएट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, एचसीएल टेक, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स 52 हफ्तों के उच्चतम स्तर पर पहुंचे। एशियाई बाजारों में तेजी का रुझान रहा। ताइवान इंडेक्स 1 फीसदी चढ़ा। शंघाई कंपोजिट, स्ट्रेट टाइम्स, निक्केई, हैंग सैंग 0.8-0.5 फीसदी मजबूत हुए। हालांकि, कॉस्पी में हल्की कमजोरी आई।