रिलायंस इंडस्ट्रीज, ओएनजीसी और एचडीएफसी शेयरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजार पिछले तीन दिनों की गिरावट से उबरने में कामयाब रहे।
बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 22.44 अंक बढ़कर 19,568.22 पर और एनएसई का निफ्टी 4.40 अंक ऊपर 5,923.85 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में भारी भरकम भारांश रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्री की होने वाली सालाना आम बैठक का निवेशकों से सकारात्मक संकेत गया, जिससे कंपनी के शेयरों में करीब 2.56 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
बीएसई का सेंसेक्स सत्र के दौरान 19,604.43 के उच्चतम और 19.441.35 के न्यूनतम स्तर तक रहा। बाजार पर एचएसबीसी के सर्वे, जिसमें मई के दौरान देश के सेवा सेक्टर की गतिविधियां बढ़ने और अगले तीन महीने में रफ्तार तेज होने के संकेत मिले हैं, का सकारात्मक असर देखा गया।
हालांकि, वैश्विक बाजार दबाव में दिखे। यूरोप में यूके का एफटीएसई, फ्रांस का सीएसी और जर्मनी का डैक्स एक फीसदी से नीचे लुढ़क गए। एशियाई बाजारों में गिरावट का रुख रहा।