देश में फार्मा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी रेनबैक्सी को अमेरिकी बाजार में जेनरिक दवा बेचने की मंजूरी मिलने और आईटी कंपनी एक्सेंचर के उत्साजनक तिमाही नतीजे की खबर से हेल्थकेयर और आईटी समूह में लिवाली के बल पर घरेलू शेयर बाजारों ने बढ़त का रुख किया।
पिछले दो दिनों की गिरावट से उबरते हुए बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 37.25 अंक बढ़कर 25,099.92 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 15.60 अंक ऊपर 7,508.80 अंक पर रहा।
बीएसई में हेल्थकेयर. आईटी और टेक के साथ मेंटल, बैंकिंग कैपिटल गुड्स और ऑटो समूहों में भी लिवाली देखने को मिली। रेनबैक्सी के शेयर में 5.38 फीसदी का उछाल रहा।
इसके अलावा मुनाफा कमाने वाले प्रमुख शेयरों में सन फार्मा, टीसीएस, सिप्ला, विप्रो, रेड्डीज लैब, आईटीसी, बजाज ऑटो, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, टाटा पावर, रिलायंस और एनटीपीसी शामिल रहे।
नुकसान उठाने वाले शेयरों में हिंडाल्को, भेल, भारती एयरटेल, सेसा स्टरलाइट, महिंद्रा, कोल इंडिया, मारुति, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, हीरो मोटोकॉर्प, एक्सिस बैंक, गेल इंडिया, स्टेट बैंक, एलएंडटी, एचडीएफसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और ओएनजीसी शामिल रहे।