विदेशी बाजारों के मिलेजुले संकेतों और ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचे घरेलू शेयर बाजार में मुनाफावसूली के चलते घरेलू शेयर बाजार तकरीबन सपाट रहे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 3.48 अंक की मामूली बढ़त लेकर 25,583.69 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 7,656.40 अंक के नए टॉप पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 25711.11 अंक और निफ्टी 7,683 अंक के उच्च्तम स्तर पर गया।
आईटी, एफएमसीजी, ऑटो और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों में लिवाली देखने को मिली। हालांकि मझोली कंपनियों के मिडकैप सूचकांक में बिकवाली का जोर दिखा और यह गत कारोबारी दिवस की तुलना में 25.30 अंक लुढ़क कर 9,211.85 अंक पर बंद हुआ। इसके विपरीत छोटी कंपनियों में जबरदस्त लिवाली हुई और बीएसई का स्मॉल कैप दस हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते 10,017.44 अंक पर पहुंच गया।
बीएसई में कुल 3,194 कंपनियों के शेयर में कारोबार हुआ, जिनमें से 1,834 लाभ में और 1,272 नुकसान में रहे जबकि 88 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सेंसेक्स में मुनाफा कमाने वाली कंपनियों में सिप्ला, इनफोसिस, विप्रो, टीसीएस, कोल इंडिया, डा. रेड्डीज लैब, भारती एयरटेल, मारुति सन फार्मा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा मोटर्स, एचडीएफसी, महिंद्रा और हिंडाल्को 0.38 फीसदी के साथ शामिल रहे। गिरावट वाले शेयरों में भेल, ओएनजीसी, टाटा स्टील, हीरो मोटोकॉर्प, सेसा स्टरलाइट, एक्सिस बैंक, स्टेट बैंक, एनटीपीसी, टाटा पावर, एलएंडटी, गेल इंडिया, रिलायंस, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और बजाज ऑटो शामिल हैं।