रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो, टाटा मोटर्स जैसी दिग्गज कंपनियों में हुई मुनाफावसूली के चलते शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट लेकर बंद हुए। बीते नौ कारोबारी सत्रों में बाजार में यह पहली गिरावट रही। बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 145.10 अंक गिरकर 26,126.75 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 40.15 अंक नीचे 7,790.45 पर बंद हुए।
बड़ी कंपनियों की तरह छोटी और मझोली कंपनियों में भी मुनाफावसूली हुई। बीएसई का मिडकैप 120.75 अंक गोता लगाकर 9,172.71 और स्मॉलकैप 200.77 अंक कमजोर होकर 10,028.56 अंक पर आ गया। बीएसई में कुल 3,016 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें से 978 बढ़त में और 1,936 नुकसान में रहे जबकि 102 में कोई बदलाव नहीं हुआ।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और यूरोपीय बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। ब्रिटेन का एफटीएसई 0.06 प्रतिशत गिर गया। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 1.13 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 1.02 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.36 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसैंग 0.31 प्रतिशत की बढ़त पर रहे।
मुनाफावसूली होने से रीयल्टी और मेटल समूह को सबसे अधिक क्रमश: 2.68 प्रतिशत और 2.33 प्रतिशत का झटका लगा। इसके अलावा गिरावट में रहने वाले समूहों में पावर 1.96 प्रतिशत, पीएसयू 1.83, तेल एवं गैस 1.58, बैंकिंग 1.35, ऑटो 1.25, कैपिटल गुड्स 1.10, टेक 0.72 और आईटी 0.54 प्रतिशत शामिल हैं। जबकि हेल्थकेयर 1.89 प्रतिशत और एफएमसीजी 0.73 प्रतिशत ऊपर रहे।
नुकसान उठाने वाली कंपनियों में टाटा मोटर्स 5.70 प्रतिशत, विप्रो 4.66, भेल 4.06, हिंडाल्को 3.24, टाटा पावर 2.66, एसबीआई 2.37, सेसा स्टरलाइट 2.36, कोल इंडिया 2.36, आईसीआईसीआई बैंक 1.88, रिलायंस 1.84, टाटा स्टील 1.75, ओएनजीसी 1.21, एचडीएफसी बैंक 0.91, इनफोसिस 0.83, एक्सिस बैंक 0.58, बजाज ऑटो 0.41, एलएंडटी 0.38, एमएंडएम 0.37, एनटीपीसी 0.23, भारती एयरटेल 0.14, गेल इंडिया 0.12 और मारुति सुजुकी 0.03 प्रतिशत के साथ शामिल रहे।