भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से रेपो दर में कटौती के अचानक मिले तोहफे ने घरेलू शेयर बाजार को उत्साह से भर दिया। आरबीआई गवर्नर द्वारा नियमित मौद्रिक समीक्षा से पहले ही दरें घटाने की घोषणा से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स पांच साल के सबसे बड़े एक दिनी उछाल के साथ एक बार फिर से 28,000 अंक के स्तर को पार कर गया।
बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 500 अंक से भी ज्यादा के उछाल के साथ खुला और अंत में 728.73 अंक की जोरदार बढ़त के साथ 28,075.55 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 216.60 अंक उछल कर 8,500 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के करीब 8,494.15 अंक पर बंद हुआ। बाजार में आए इस उछाल के चलते निवेशकों की पूंजी बढ़कर एक बार फिर 100 लाख करोड़ रुपये के स्तर के पार चली गई।
बाजार में तेजी का आलम यह रहा कि बीएसई के सभी 12 वर्गों के सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान पर रहे। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 28 शेयरों ने मुनाफा कमाया। सबसे ज्यादा बढ़त वाले शेयरों में एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी, रिलायंस, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक और एलएंडटी शामिल रहे।
इसके अलावा टाटा पावर, मारुति सुजुकी, महिंद्रा, आईटीसी, एक्सिस बैंक और टाटा मोटर्स भी लाभ में रहे। एनएसई में भी नजारा ऐसा ही रहा और निफ्टी में शामिल 50 में से 46 शेयर मुनाफे में रहे।