गणतंत्र दिवस के मौके पर अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के दौरान आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए देश की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं।
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक पाक समर्थित आतंकी स्कूलों, बाजार और हाईवे जैसे आसान लक्ष्य पर हमले कर सकते हैं। रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश किसी भी आशंका और चुनौती से निबटने के लिए तैयार है।
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में बुधवार रात से चल रही सेना की कार्रवाई में मारे गए पांच आतंकियों के संदर्भ में परिकर ने कहा कि एजेंसियों के पास सटीक खुफिया इनपुट थे।
उसी आधार पर यह सफल कार्रवाई हुई है। परिकर के मुताबिक ओबामा की यात्रा के दौरान खबर में बने रहने के लिए वारदात की कोशिश की जा सकती है।
सेना के उच्च अधिकारी ने जानकारी दी है कि सीमा पार के जंगलों में करीब 200 प्रशिक्षित आतंकवादी घुसपैठ के लिए तैयार बैठे हैं।
जम्मू-कश्मीर में उपद्रव कराने की उनकी योजना पाकिस्तान में उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई के वार रूम में बनाई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक सीमा पर और घाटी में सख्ती की वजह से आतंकी स्कूल और हाईवे जैसे आसान लक्ष्य पर हमले कर सकते हैं।