औद्योगिक विकास दर और महंगाई दर के आंकड़े आने के बाद कर्ज की ब्याज दरें घटने की कम संभावना के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली का दबाव बना रहा। इसके चलते बाजार लगातार तीसरे दिन गिरावट का शिकार होकर एक हफ्ते के सबसे निचले स्तर पर बंद हुए।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 202.37 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 19,362.55 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 62.90 अंक लुढ़क कर 5,851.20 अंक पर बंद हुआ। बीएसई का मिडकैप 64.68 अंक नीचे 6,395.63 अंक पर और स्मॉलकैप 80.01 अंक घट कर 6,237.64 अंक पर रहा।
ब्याज दर के प्रति संवदेनशील शेयरों में बिकवाली की सबसे ज्यादा मार पड़ी, जिससे बैंकिंग, सीडी, ऑटो, पीएसयू, आईटी, मेटल और टेक वर्ग में भारी गिरावट दर्ज हुई। एफएमसीजी को छोड़कर सभी वर्ग नुकसान में रहे। सेंसेक्स में सनफार्मा ने सबसे ज्यादा 1.25 फीसदी मुनाफा कमाया।
इसके अलावा आईटीसी 0.89 फीसदी, एयरटेल 0.76, हिन्दुस्तान यूनिलीवर 0.59, कोल इंडिया 0.14 और विप्रो के शेयर 0.07 फीसदी लाभ में रहे। दूसरी ओर हिंडाल्को में सबसे ज्यादा 3.67 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक 3.25 फीसदी, बजाज ऑटो 3.16, मारुति 3.07, जिंदल स्टील 2.84, ओएनजीसी 2.52, भेल 1.99, इनफोसिस 1.89, एचडीएफसी 1.77, गेल इंडिया 1.68, एचडीएफसी बैंक 1.20, टाटा मोटर्स 1.15, सिप्ला 1.07, टाटा स्टील 1.07, एसबीआई 1.00, एनटीपीसी 0.91, टीसीएस 0.83, महिन्द्रा 0.76 और एलएंडटी 0.27 फीसदी घाटे में रही। एजेंसी
विदेशी बाजारों में कमजोरी के बीच सेंसेक्स 53 अंक नीचे 19,511.97 अंक पर खुला और पूरे कारोबार के दौरान इससे ऊपर नहीं उठ सका। आखिर में यह पिछले दिवस के 19,565 अंक की तुलना में 1.03 प्रतिशत नीचे 19,362.55 अंक पर बंद हुआ।
बुधवार की गिरावट के साथ सेंसेक्स पिछले तीन सत्रों में 320 अंक गिर चुका है। निफ्टी में करीब 30 अंक की कमजोरी के साथ 5,884.80 अंक पर कारोबार शुरू हुआ। यह 5,893.85 अंक के ऊपरी और 5,842.25 अंक के निचले दायरे में रहने के बाद आखिर में पिछले दिवस के 5, 914.10 अंक की तुलना में 1.06 फीसदी कमजोर हो कर 5,851.20 अंक पर बंद हुआ।