उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में घरेलू शेयर बाजार नए वित्त वर्ष की शुरुआत बढ़त के साथ करने में कामयाब रहा। विदेशी बाजारों से मिलेजुले संकेतों और घरेलू स्तर पर बुनियादी उद्योग क्षेत्र में आई सुस्ती के चलते कारोबार के दौरान बाजार पर दबाव बना रहा।
बॉम्बे स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 28.98 अंक ऊपर 18,864.75 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 21.85 अंक ऊपर 5,704.40 बंद हुआ। सेंसेक्स ने 125 अंक के उछाल के साथ शुरुआत की।
बुनियादी उद्योग क्षेत्र के ठंडे आंकड़ों ने बाजार का मिजाज बिगाड़ दिया। इसके चलते 18,959.40 अंक के ऊपरी स्तर को छूने के बाद सेंसेक्स 18,796.60 अंक तक फिसल गया। बाद में कुछ सुधर कर यह 28.98 अंक चढ़कर 18,864.75 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी भी बीच सत्र में 5,720.95 अंक के ऊपर और 5,675.90 अंक के निचले दायरे में रहकर आखिर में 21.85 अंक ऊपर 5,704.40 अंक पर अंक पर बंद हुआ। बीएसई में मेटल, ऑटो और एफएमसीजी वर्ग के शेयरों पर बिकवाली का दबाव रहा।
बीएसई में कुल 2,835 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 1,874 लाभ में और 869 नुकसान में रहे। बाकी 92 में कोई बदलाव नहीं हुआ। सेंसेक्स में मुनाफा कमाने वाले शेयरों में डा. रेड्डीज लैब 3.34 फीसदी बढ़त के साथ सबसे आगे रही।
इसके अलावा भेल 2.83 फीसदी, एलएंडटी 2.18, इनफोसिस 1.85, सिप्ला 1.20, हिन्दुस्तान यूनि 1.17, एनटीपीसी 1.02, एसबीआई 0.86, टाटा स्टील 0.70, आईसीआईसीआई बैंक 0.62, आरआईएल 0.58, गेल इंडिया 0.55, भारती एयरटेल 0.55, मारुति सुजुकी 0.27, हिंडाल्को 0.22 फीसदी बढ़त में रहे। नुकसान उठाने वालों में स्टरलाइट को सबसे ज्यादा 4.37 फीसदी घाटा उठाना पड़ा।
जिंदल स्टील 1.51 फीसदी, टाटा मोटर्स 1.41, कोल इंडिया 1.33, विप्रो 1.22, ओएनजीसी 1.08, सन फार्मा 0.53, टीसीएस 1.07, आईटीसी 0.91, एचडीएफसी 0.33, एचडीएफसी बैंक 0.03 फीसदी घाटे में रहे।
फार्मा शेयर उछले
कैंसर की दवा ग्लाइवेक के पेटेंट के मुकदमे में सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्विस कंपनी नोवार्टिस के खिलाफ आने से दवा कंपनियों के शेयरों में उछाल देखा गया। नोवार्टिस के शेयर 1.81 फीसदी गिरकर 587.95 रुपये पर बंद हुए।
दूसरी ओर अरविंदो फार्मा के शेयर 4.01 फीसदी के उछाल के साथ 151.75 रुपये के भाव पर बंद हुए। डा. रेड्डीज लैब 3.34 फीसदी की बढ़त के साथ सेंसेक्स में सबसे मुनाफे वाली कंपनी रही।
इसके अलावा रेनबैक्सी के शेयर 2.65, सिप्ला 1.20, वॉकहार्ट के शेयर 0.90 फीसदी की बढ़त पर रहे। हालांकि सन फार्मा के शेयर में 0.53 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।