भारतीय शेयर बाजार आईटीसी के अच्छे नतीजों के कारण शुरूआत में संभले हुए थे लेकिन दोपहर बाद गिरावट का सिलसिला शुरु हुआ तो बाजार बंद भी गिरावट के साथ ही हुए। सेंसेक्स जहां 109.62 अंक की गिरावट के साथ 18,682.31 पर बंद हुआ वहीं निफ्टी भी लगभग 35 अंकों की गिरावट के साथ 5684 पर बंद हुआ।
वहीं दोपहर में 2:40 पर बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 155 अंकों की गिरावट के साथ 18,636.91 और एनएसई का संवेदी सूचकांक निफ्टी 46.95 अंक लुढ़ककर 5671.75 पर चल रहा था लेकिन बंद होते समय बाजार में मामूली सी बढ़त देखी गई।
यूरोपीय बाजारों की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई। एफटीएसई, सीएसी और डैक्स सहित सभी प्रमुख यूरोपीय बाजारों में 0.1-0.3 फीसदी की गिरावट देखने को मिल रही है। सकारात्मक खबरों के आधार पर ल्यूपिन, स्ट्राइड्स आर्कोलैब और गुजरात एनआरई के शेयरों में तेजी आई।