रुपये में गिरावट के बीच रिजर्व बैंक द्वारा आगामी मौद्रिक समीक्षा में दरें घटने की उम्मीदें धूमिल होने से घरेलू शेयर बाजारों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया।
बंबई शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक ने शुक्रवार को कारोबारी सत्र में 192 अंक की तेजी हासिल करने के बाद ऑटो सेक्टर और बैंकिंग के शेयरों में तगड़ी बिकवाली से यू-टर्न लिया और छह सप्ताह के निचले स्तर पर लुढ़क गया। सेंसेक्स 90.26 अंक लुढ़ककर 19,429.23 और एनएसई का निफ्टी 40.40 अंक नीचे 5,881 पर बंद हुआ।
बीएसई में कारोबार की शुरुआत हालांकि स्थिरता के साथ हुई लेकिन लिवाली का समर्थन मिलने से सत्र के बीच में सेंसेक्स ऊंचे में 19,711.55 अंक तक गया।
इसके बाद बिकवाली का जोर होने से कारोबार की समाप्ति पर फिर गिरावट का रुख लौट आया और यह 19,429.23 पर बंद हुआ। जानकारों का कहना है कि रुपये में लगातार आ रही गिरावट के कारण शेयर बाजार तेजी नहीं ले पा रहा।
एमएंडएम, मारुति और टाटा मोटर्स सहित ऑटो शेयरों में 1.5-2.3 फीसदी के बीच गिरावट रही। बैंकों में आईसीआईसीआई, एचडीएफसी और एसबीआई गिरकर बंद हुए। 17 जून को आने वाली मौद्रिक समीक्षा से पहले रिजर्व बैंक ने कहा है कि आने वाले महीनों में मौद्रिक समीक्षा मानसून के पूर्वानुमान और महंगाई की वस्तुस्थिति को ध्यान में रखकर तैयार की जाएगी।
सेंसेक्स में गिरावट में रहने वालों में भारती एयरटेल 2.40, एमएंडएम 2.27, एनटीपीसी 2.12, मारुति सुजुकी 2.04, जिंदल स्टील 1.91, स्टरलाइट 1.91, टाटा मोटर्स 1.58, ओएनजीसी 1.27, भेल 1.25, गेल इंडिया 1.18, टाटा स्टील 1.10, एलएंडटी 1.09, कोल इंडिया 1.08 और आईसीआईसीआई बैंक 1.05 फीसदी के साथ शामिल रहे। हालांकि, टीसीएस ने 3.48, डॉ. रेड्डीज लैब ने 2.82, विप्रो 2.82 और इनफोसिस ने 0.80 फीसदी की तेजी दर्ज की।