केंद्र सरकार विनिवेश कार्यक्रम की शुरुआत अगस्त में सेल में 5 फीसदी हिस्सेदारी बेचने से करेगी और इसके बाद ओएनजीसी और पावर सेक्टर के सार्वजनिक उपक्रमों जैसे आरइसी, पीएफसी और एनएचआरसी में हिस्सेदारी बेची जाएगी।
विनिवेश विभाग इस माह के अंत में सिंगापुर, हांगकांग,अमेरिका,ब्रिटेन और यूरोप में सेल के लिए रोड शो शुरू करेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक घरेलू रोड शो भी विदेशी रोड शो की तरह अहम हैं। रोड शो पूरा होने में आम तौर पर एक माह का समय लगता है। विनिवेश के लिए सेल सबसे बेहतर तरीके से तैयार कंपनी है।
2014-15 के बजट में सरकार ने पीएसयू में विनिवेश से 43,425 करोड़ रुपये जुटाने का प्रस्ताव किया है। इसमें से 30 फीसदी यानी 18,000 करोड़ रुपये ओएनजीसी में 5 फीसदी हिस्सेदारी बेच कर जुटाया जाएगा। इसके अलावा कोल इंडिया में भी 5 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का प्रस्ताव किया है।
इससे सरकार को लगभग 23,000 करोड़ रुपये मिलेंगे। इस तरह से सरकार का विनिवेश का आधा लक्ष्य पूरा हो जाएगा। अधिकारी के मुताबिक हम मचेँट बैंकर नियुक्त करने की प्रक्रिया जल्द शुरू करेंगे। हमें उम्मीद है कि सभी पावर पीएसयू में विनिवेश के लिए मंजूरी अगले माह तक मिल जाएगी।