आयातकों की तरफ से डॉलर की मांग बढ़ने और घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के चलते सोमवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 48 पैसे की भारी गिरावट के साथ एक माह के निचले स्तर 61.13 पर बंद हुआ। रुपये में यह पांच सप्ताह की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट रही।
मुद्रा बाजार के डीलर के मुताबिक विदेशी बाजारों में डॉलर में आई मजबूती के चलते रुपये पर दबाव बढ़ा। अंतर बैंकिंग मुद्रा बाजारों में रुपये में गिरावट के साथ 60.92 पर कारोबार शुरू हुआ। पिछले कारोबार सत्र रुपया 60.65 पर था। सत्र के दौरान रुपया 60.90 के उच्चतम और 61.18 के निचले स्तर के बीच रहा। आखिर में पिछले सत्र के मुकाबले 48 पैसे कमजोर होकर 61.13 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले 6 अगस्त 2014 को रुपये में 65 पैसे की गिरावट दर्ज की गई थी।