रिजर्व बैंक की तिमाही समीक्षा से पहले सोमवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 37 पैसे कमजोर होकर 59.41 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपये में गत तीन दिनों की तेजी के बाद गिरावट आई है।
मुद्रा बाजार के डीलरों का कहना है कि आयातकों द्वारा माह के आखिर की डॉलर मांग आने और घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट से भी रुपया कमजोर हुआ।
अंतर बैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपये में गिरावट के साथ 59.10 पर कारोबार शुरू हुआ। पिछले दिन यह 59.04 पर रहा था। बीच सत्र में यह 59.08 के उच्च और 59.45 के निचले स्तर तक रहा।
आखिर में पिछले सत्र के मुकाबले 37 पैसे कमजोर होकर 59.41 के स्तर पर बंद हुआ। पिछले तीन सत्रों में रुपये में 72 पैसे की मजबूती आई थी।