घरेलू शेयर बाजारों के गिरने और डॉलर की मांग आने से अंतर बैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपये के भाव दो माह के न्यूनतम स्तर 55.16 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुए। रुपये में 46 पैसे की गिरावट दर्ज की गई। पिछले कारोबारी दिवस में यह 54.70 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।
अंतर बैंकिंग मुद्रा बाजार में शुक्रवार को भारी दबाव देखा गया। अमेरिका में आर्थिक अनिचिश्तता और यूरोपीय वित्तीय संकट से रुपये पर दबाव बन रहा है। रुपये में पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले गिरावट के साथ 54.85 के स्तर पर कारोबार शुरू हुआ।
कारोबार के दौरान रुपये के भाव 55.20 रुपये प्रति डॉलर के स्तर तक फिसल गए, जोकि 13 सितंबर 2012 के बाद न्यूनतम स्तर है। बीच सत्र में रुपया 54.83 के उच्चतम स्तर पर भी रहा। हालांकि जानकारों का कहना है कि रुपये के भाव में सीमित गिरावट रहेगी और यह 55.50 रुपये प्रति डॉलर के स्तर को पार नहीं करेगा।