सरकारी आंकड़े लगातार दूसरे महीने खुदरा महंगाई से राहत का दावा कर रहे हैं। गत अप्रैल में सालाना खुदरा महंगाई घटकर 9.39 फीसदी पर आ गई है, जबकि मार्च में यह 10.39 फीसदी थी।
महंगाई में यह कमी फल-सब्जी, खाद्य तेल-घी और ईंधन की कीमतों में अपेक्षाकृत कम वृद्धि की वजह से दर्ज की गई है। कुल महंगाई दर में राहत के बावजूद महंगा अनाज आम आदमी की कमर तोड़ रहा है।
अप्रैल में खाने-पीने की चीजें 10.61 फीसदी महंगाई थी, जबकि अनाज व इसके उत्पाद 16.65 फीसदी महंगे रहे। अंडा, मछली और मांस पर भी 13.60 फीसदी महंगाई है।
केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (सीएसओ) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, गत अप्रैल में सब्जियों पर सिर्फ 5.43 फीसदी महंगाई रही जबकि मार्च में सब्जियां 12.16 फीसदी महंगी थीं।
खाद्य तेल एवं घी की महंगाई दर भी 11.72 फीसदी से घटकर अप्रैल में 7.52 फीसदी पर आ गई है। हालांकि, मार्च के मुकाबले अप्रैल में दालों और अनाज की महंगाई कुछ घटी है लेकिन फिर भी अनाज 16.65 फीसदी और दालें 10.91 फीसदी महंगे हैं।
ईंधन और कपड़ों व जूतों की महंगाई दर भी मामूली कमी के बावजूद क्रमश: 8.10 और 10.22 फीसदी के स्तर पर है। शहरों के मुकाबले ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई ज्यादा घटी है। अप्रैल के दौरान शहरों में खुदरा मुद्रास्फीति 9.73 फीसदी जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 9.16 फीसदी दर्ज की गई है।
गत फरवरी में खुदरा महंगाई बढ़कर 10.91 फीसदी तक पहुंच गई थी। पिछले दो महीनों से महंगाई में कमी आना अच्छा संकेत है लेकिन ईंधन और फल व सब्जियों के सस्ता होने के बावजूद खाने-पीने चीजों पर महंगाई 10 फीसदी के ऊपर बनी हुई है।
महंगाई में कमी को देखते हुए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने पिछले दिनों रेपो रेट (बैंकों को मिलने वाले कर्ज की दर) में 0.25 फीसदी की कटौती की थी। मंगलवार को थोक महंगाई के आंकड़े भी जारी हो सकते हैं। थोक महंगाई मार्च में तीन साल के न्यूनतम स्तर पर 5.96 फीसदी पर आने के बावजूद आरबीआई की अपेक्षा से ज्यादा है।
खुदरा महंगाई दर (फीसदी में)
जनवरी ------- 10.79
फरवरी ------- 10.91
मार्च ------- 10.39
अप्रैल ------- 9.39
सब्जी सस्ती, रोटी महंगी
उत्पाद ------- अप्रैल ------- मार्च
अनाज व उत्पाद ------- 16.65 ------- 17.55
अंडा, मछली, मांस ------- 13.60 ------- 14.36
दालें व उत्पाद ------- 10.91 ------- 11.38
खाद्य तेल व घी ------- 7.52 ------- 11.72
सब्जियां ------- 5.43 ------- 12.16
फल ------- 8.0 ------- 10.73
(आंकड़े फीसदी में)