निजी क्षेत्र की जीवन बीमा कंपनी रिलायंस लाइफ की योजना वित्त वर्ष 2012-13 के अंत तक देशभर में फैली अपने 220 शाखा कार्यालयों के लिए 5,500 कैरियर एजेंटों की भर्ती करने की है। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के दौरान अब तक 2,500 एजेंटों को नियुक्त किया है, जिन्हें कंपनी की ओर से एक नियत मानदेय (स्टाईपेंड) के साथ-साथ कमीशन दिया जाएगा। इसके अलावा वित्त वर्ष की बाकी बची अवधि के दौरान कंपनी 3,000 और एजेंटों की नियुक्ति करेगी।
अनिल अंबानी के स्वामित्व वाली रिलायंस कैपिटल लि. की सहायक कंपनी रिलायंस लाइफ इन एजेंटों की नियुक्ति अपने नए डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम की स्थापना और विस्तार के उद्देश्य से कर रही है। कंपनी का उद्देश्य आगामी वर्षों में देश भर में जीवन बीमे के बाजार में अपनी स्थिति मजबूत कर खुद को निजी क्षेत्र की अग्रणी बीमा कंपनी के रूप में स्थापित करने की है।
कंपनी के अध्यक्ष व कार्यकारी निदेशक मलय घोष के मुताबिक कंपनी आने वाले दिनों में अपना ध्यान टियर-3 व टियर-4 के तहत आने वाले देश के छोटे शहरों व कस्बों पर केंद्रित करने जा रही है। इन शहरों में बिक्री से जुड़े कर्मचारियों की संख्या बढ़ा कर इन शहरों में मजबूत ढंग से कंपनी के कारोबार को बढ़ाया जाएगा।