जीवन बीमा का कारोबार करने वाली रिलायंस कैपिटल की सहायक कंपनी रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस कंपनी (आरएलआईसी) ने अपने ग्राहकों और मौजूदा पॉलिसीधारकों के लिए ‘फेस टू फेस’ डिस्ट्रीब्यूशन चैनल को लांच किया है।
कंपनी ने इस सर्विस बेस्ड सेल्स प्लेटफार्म को ऐसे ग्राहकों के लिए लांच किया है जिनके बीमा एजेंट पॉलिसी बेचने के बाद उनके संपर्क में नहीं हैं। इस सेवा की लांचिंग की घोषणा कंपनी के प्रसिडेंट व एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर मलय घोष ने की।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस सेवा के शुरू होने से कंपनी को न केवल अपने मौजूदा ग्राहकों को अपने साथ जोड़े रखने में मदद मिलेगी, बल्कि ग्राहकों के साथ कंपनी के रिश्ते में भी नया भरोसा और मजबूती आएगी।
इस चैनल के तहत कंपनी महिला लाइफ प्लानिंग ऑफिसर्स (एलपीओ) के जरिये ग्राहकों को अपने उत्पादों की जानकारी देगी और उनकी परेशानियों का समाधान करेगी।
शुरुआती चरण में कंपनी ने देश के सात शहरों में इसके लिए 200 महिला कर्मचारियों को नियुक्त किया है। आने वाले समय में इस नेटवर्क को देश के विभिन्न शहरों तक ले जाने की योजना है।