बैंक नोटों में लगातार सिक्योरिटी फीचर बढ़ाने के क्रम में रिजर्व बैंक ने नए नंबर पैटर्न के साथ 100 रुपये के नोट को जारी किया है। इन नोटों में नोट के पहले तीन अल्फा न्यूमेरिक नंबर समान आकार के होंगे जबकि बाद के नोट के नंबर छोटे से धीरे-धीरे बढ़ते हुए बड़े आकार के होंगे।
रिजर्व बैंक ने बृहस्पतिवार को कहा है कि आरबीआई ने नए नंबरिंग पैटर्न के साथ महात्मा गांधी सीरीज में 100 रुपये का बैंक नोट जारी किया है। आरबीआई ने कहा है कि अंकों को आरोही आकार में छापना बैंक नोट में स्पष्ट सिक्योरिटी फीचर है, जिससे आम जनता सही नोट और जाली नोट में फर्क कर सके।
आरोही आकार में अंकों के साथ बैंक नोटों का डिजाइन दूसरे हर लिहाज से महात्मा गांधी सीरीज 2005 में 100 रुपये के मौजूदा डिजाइन के समान है। इनमें सिर्फ नंबरिंग पैटर्न का फर्क है।
इसके अलावा आरबीआई ने कहा है कि आरबीआई द्वारा पहले जारी किए गए 100 रुपये के सभी बैंक नोट वैध होंगे। नया नंबरिंग पैटर्न दूसरे बैंक नोट में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।