रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने दूरसंचार कंपनी आइडिया सेल्युलर लिमिटेड में विदेशी संस्थागत निवेश (एफआईआई) की सीमा 24 फीसदी से बढ़ाकर 49 फीसदी तक करने की अनुमति दे दी है।
आरबीआई की ओर से जारी बयान के मुताबिक एफआईआई (विदेशी संस्थागत निवेशक) अब पोर्टफोलियो इनवेस्टमेंट योजना के तहत प्राथमिक तथा शेयर बाजार के जरिए आइडिया सेल्युलर लिमिटेड में 49 फीसदी तक निवेश कर सकते हैं। बांबे स्टाक एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक मार्च 2014 को समाप्त तिमाही में आइडिया में विदेशी संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी 19.51 फीसदी थी।
प्रत्यक्ष विदेशी निवेश नीति और विदेशी मुद्रा विनिमय अधिनियम के तहत डाउनस्ट्रीम निवेश आइडिया में ही रहेगा। नियमों के मुताबिक पोर्टफोलियो निवेश में एफआईआई, प्रवासी भारतीय और भारतीय मूल के लोग प्राथमिक व द्वितीयक बाजार के जरिए निवेश कर सकते हैं। रिजर्व बैंक इनकी दैनिक निगरानी करता है।