अमेरिका की रिटेल कंपनी वालमार्ट भारत के चुनिंदा स्थानों पर अगले माह बिजनेस टू बिजनेस (बीटूबी) ई-कॉमर्स कारोबार शुरू करेगी। इसके साथ ही कंपनी मल्टी ब्रांड रिटेल में एफडीआई के माहौल का अध्ययन भी करती रहेगी।
वालमार्ट इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष अय्यर ने बताया कि ई-कॉमर्स कारोबार में काफी संभावनाए हैं। हम लखनऊ और हैदराबाद में 1 जुलाई से बीटूबी ई-कॉमर्स शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत में अपने 20 स्टोर्स में यह सुविधा शुरू करना इन दोनों पायलट प्रोग्राम के बारे में मिलने वाले फीडबैक और ग्राहकों के रूख पर निर्भर करेगा। यह पूछे जाने पर कि क्या कंपनी मल्टी ब्रांड रिटेल कारोबार के लिए किसी स्थानीय कंपनी के साथ गठजोड़ करेगी, उन्होंने कहा कि हम माहौल का अध्ययन करना और सरकार के साथ बातचीत जारी रखेंगे। इस बारे में हम सही समय पर माहौल के आधार पर फैसला करेंगे।
वालमार्ट ने अक्तूबर में भारती एंटरप्राइजेज के साथ अपनी भागीदारी खत्म कर दी थी और कंपनी ने भारत में होलसेल कारोबार अकेले करने का फैसला किया था। अय्यर ने स्पष्ट किया कि मौजूदा समय में कंपनी का भारत में फोकस कैश एंड कैरी कारोबार पर ही रहेगा।