संसद में मंगलवार को पेश होने जा रहे रेल बजट के पहले सोमवार को शेयर बाजार में रेलवे सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों को खासी गिरावट का सामना करना पड़ा।
बीएसई में शुरुआती कारोबार के दौरान ही कर्नेक्स माइक्रोसिस्टम्स, टीटागढ वैगंस, कालिंदी रेल, निर्माण इंजीनियर्स, हिन्द रेक्टिफायर्स, जिकॉम इलेक्ट्रॉनिक सेक्यूरिटी सिस्टम्स और स्टोन इंडिया के शेयरों में 9 फीसदी तक की बड़ी गिरावट दिखी। सबसे ज्यादा 9 फीसदी गिरावट कर्नेक्स माइक्रोसिस्टम्स के शेयरों में दिखी, जिसके चलते यह 52.50 रुपये के कारोबार करता दिखा।
टेक्समैको रेल इंजीनियरिंग के शेयरों में 2 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। रेल बजट में यात्री किरायों में सीधे तौर पर कोई बढ़ोतरी न होने के बावजूद किराये में कुछ ईंधन और अन्य अधिभार अवश्य जोडे़ जाने की संभावना को देखते हुए इस सेक्टर से जुड़े शेयरों में बिकवाली का दबाव बन गया।