त्योहारों पर बैंकों ने थोड़ी देरी के साथ ही सही, त्योहारी स्कीम लांच करनी शुरू कर दी है। हालांकि इस बार बैंकों का फोकस प्रमुख रूप से प्रोसेसिंग फीस में छूट देने और वाहन लोन और कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन पर है।
मंगलवार को इसकी शुरुआत पंजाब नेशनल बैंक और ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स (ओबीसी) ने कर दी है।
पंजाब नेशनल बैंक ने त्योहारी स्कीम के तहत 31 जनवरी 2014 तक ग्राहकों के लिए ऑफर लांच किए हैं।
बैंक ने होम लोन की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि इस दौरान होम लोन लेने वाले ग्राहकों को किसी तरह का अपफ्रंट चार्ज और डक्यूमेंटेशन चार्ज नहीं देना होगा। इसी तरह कार लोन के लिए बैंक ने 10.65 फीसदी की फिक्स्ड ब्याज दर पर कर्ज देने का ऑफर दिया है।
इसी तरह वेतन भोगी कर्मचारियों को शर्तों के आधार पर बैंक ने दोपहिया वाहन के लिए 12.75 फीसदी और कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन 12.75 फीसदी पर लांच किया है।
बैंक ने इन सभी कर्ज के लिए अपफ्रंट और डक्यूमेंटशन चार्ज नहीं लेना का फैसला किया है। एक अन्य सरकारी बैंक ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स ने टीवी, फ्रिज, रेफ्रीजरेटर जैसे उत्पादों और पर्सनल लोन की ब्याज दरों में 0.25 फीसदी की कटौती कर दी है।
बैंक इन उत्पादों पर अब सरकारी कर्मचारियों को 12.75 फीसदी की जगह 12.50 फीसदी की ब्याज दर पर कर्ज देगा। अन्य लोगों को ओबीसी 13.75 फीसदी की जगह 13.50 फीसदी पर कर्ज देगा।
बैंक ने इसी तरह वाणिज्यिक उपयोग के तहत आने वाले ऑटो और टैक्सी पर लिए जाने वाले कर्ज की ब्याज दरों में 0.25 फीसदी की कटौती कर दी है। बैंक इसके तहत 12 फीसदी की ब्याज पर कर्ज देगा। बैंक की नई दरें 10 अक्तूबर 2013 से लागू होंगी।
आईडीबीआई के कर्ज सस्तेः त्योहारों को मौके पर बाजार में उठाव बढ़ाने के लिए सरकार के निर्देश के बाद आईडीबीआई बैंक ने अपने होम लोन और ऑटो लोन की ब्याज दरों में कटौती की है। अब बैंक अपने आधार दर पर ऐसे कर्ज देगा। फिलहाल बैंक का आधार दर 10.25 फीसदी है।