देश के 7.5 करोड़ परिवारों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने की योजना को मोदी सरकार पूरे जोर-शोर से शुरू करने की तैयारी में हैं। पूरे देश में 28 अगस्त को लांच होने वाली प्रधानमंत्री जन-धन योजना को सफलता पूर्वक शुरू करने के लिए नरेंद्र मोदी ने पूरी सरकार को लगा दिया है।
दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद योजना को लांच करेंगे। वहीं, देश के दूसरे क्षेत्रों में गृहमंत्री राजनाथ सिंह से लेकर केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, नितिन गडकरी ,अनंत गीते, संतोष गंगवार और मनोज सिन्हा से लेकर पार्टी के प्रमुख नेता भी लांच के विभिन्न शहरों में मौजूद रहेंगे।
सरकार योजना के जरिए देश के 7.5 करोड़ परिवारों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना चाहती है। इस योजना के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए मोदी सरकार ने मंत्रियों की पूरी टीम को तैनात किया है।
सूत्रों के अनुसार 28 अगस्त को गृहमंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ में रहेंगे, वहीं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी नागपुर में रहेंगे।