रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पूअर्स (एसएंडपी) ने कहा है कि देश की सबसे बड़ी ट्रांसमिशन कंपनी पावर ग्रिड का आउटलुक निगेटिव बना हुआ है। एजेंसी ने कहा है कि सरकारी क्रेडिट रेटिंग आउटलुक के साथ पावर ग्रिड की रेटिंग भी निगेटिव बनी हुई है। पावर ग्रिड को ‘बीबीबी-’ लांग टर्म कॉरपोरेट रेटिंग दी गई है।
रेटिंग एजेंसी का कहना है कि देशभर में पावर ग्रिड की मौजूदगी है और देश के व्यापक आर्थिक जोखिम का इस पर असर पड़ता है। इसके अलावा, कंपनी के प्रमुख ग्राहकों राज्य के विद्युत बोर्डों की क्षमता पर राजनीतिक प्रभाव बना हुआ है। बिजली बोर्डों को अपने कमजोर क्रेडिट प्रोफाइल को बेहतर बनाने के लिए टैरिफ में बढ़ोतरी करनी चाहिए। हालांकि, कुल मिलाकर पावर ग्रिड कॉरपोरेशन इंडिया लिमिटेड का ‘बीबीबी-’ क्रेेडिट प्रोफाइल कंपनी की बाजार में मजबूत पकड़ को दर्शाता है। एसएंडपी का आकलन है कि कंपनी का बिजनेस रिस्क प्रोफाइल ‘संतोषजनक’ है।