प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्योहारी सीजन में ऊंचे हवाई किराये को लेकर चिंता व्यक्त की है। इसके बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय इस मामले को देख रहा है।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने त्योहारी सीजन में हवाई टिकट के दामों पर चिंता जताते हुए इसका समाधान निकालने को कहा है।
उन्होंने कहा कि मंत्रालय इस समस्या के समाधान के लिए विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किराये का नियमन करना इसका समाधान नहीं हो सकता।
इससे पहले प्रधानमंत्री को शिकायत मिली थी कि ओणम के मौके पर हवाई किराये में भारी बढ़ोतरी की गई थी। उस वक्त खाड़ी के देशों में बड़ी संख्या में रहने वाले केरलवासी अपने प्रदेश आते हैं।