अमेरिका के दौरे पर गए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में दस फीसदी विकास दर असंभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आर्थिक सुधार और नीतिगत बदलाव किए जा रहे हैं कि उससे देश में बेहतर माहौल बन रहा है, जिससे अर्थव्यवस्था में बेहतरी की उम्मीद तो की ही जा सकती है।
अमेरिका के नौ दिवसीय दौर पर आए जेटली ने कहा कि दस फीसदी विकास दर के पीछे पर्याप्त वजहें हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल मानसून की कमी और इस साल मार्च में फसलों के नुकसान के बावजूद भारत की विकास दर सात फीसदी से ज्यादा तक जा पहुंची। जबकि उस समय मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर रेंग रहा था और विकास दर भी तकरीबन पांच फीसदी के आसपास ही थी।
उन्होंने कहा कि अब मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर में ज्यादा पैसा निवेश करने की जरूरत हैं। हमारी सरकार ने इस समय जो वित्तीय नीतियां अपनाई हैं, उससे विनिर्माण क्षेत्र को मदद ही मिलेगी। जेटली ने इस बार मानसून के अच्छा रहने की उम्मीद जताते हुए कहा कि खेती इस बार जरूर अच्छी होगी, जिससे राष्ट्र की अर्थव्यवस्था में मदद मिलेगी।