हर व्यक्ति का बैंक खाता खोलने के लिए शुरू की गई जन-धन योजना में मिलने वाला बीमा लाभ, पुराने खातों पर भी देने की तैयारी है। बृहस्पतिवार को सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह ऐसा करने पर विचार कर रही है।
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी की गई सूचना के अनुसार जन-धन योजना के तहत ऐसे लोग भी जीरो बैलेंस वाले खाते खुलवा रहे हैं, जिनका पहले से खाता है।
लोग ऐसा नए खाते पर मिलने वाली बीमा और दूसरी सुविधाओं को देखते हुए कर रहे हैं। इसे देखते हुए वित्त मंत्रालय ने कहा पहले से खुल चुके खातों पर इस तरह की सुविधाएं दी जा सकती हैं।
जन-धन योजना के तहत सरकार हर खाता धारक को एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और जनवरी, 2015 तक खाता खुलवाने वालों को 30 हजार रुपये का अतिरिक्त जीवन बीमा लाभ दे रही है।
साथ ही खाते पर डेबिट कम एटीएम कार्ड दिया जा रहा है। वित्त मंत्रालय के अनुसार 8 सितंबर तक 3.02 करोड़ खाते खोले जा चुके हैं।
हालांकि उसके अनुपात में रुपे कार्ड केवल 33.6 लाख ही दिए गए हैं। इसमें तेजी लाने के लिए सरकार कदम उठा रही है। अभी तक खुले खातों में 1496.51 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं।