देश में ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा पाने वाले विशेष लोगों में अब आरआईएल के चेयरमैन मुकेश अंबानी का नाम भी शामिल हो गया है।
हाल ही में अंबानी को मिली धमकियों के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हाल ही में हथियारबंद कमांडो स्क्वाड की मंजूरी दे दी है।
गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की ओर से प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के साथ ही मंत्रालय ने सीआरपीएफ को तुरंत प्रभाव से जिम्मेदारी लेने के लिए कहा है।
‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा के अंतर्गत अंबानी को पायलट और हथियार बंद कमांडो से लैस साथ चलने वाला वाहन मिलेगा, जिनके पास अत्याधुनिक हथियार होंगे।
यह कमांडो मुंबई या देश के किसी भी हिस्से में उन्हें सुरक्षा प्रदान करेंगे। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा धमकी की समीक्षा करने के बाद सिफारिश की थी कि अंबानी को 24 घंटे सुरक्षा मिलनी चाहिए, जिसके बाद गृह मंत्रालय ने यह आदेश पारित कर दिया।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने अपनी उत्तर प्रदेश बटालियन की 28 सदस्यीय टीम को यह जिम्मेदारी सौंपी है। यह पहली बार है जब सीआरपीएफ किसी निजी व्यक्ति को वीआईपी सुरक्षा प्रदान करेगी।