बाजार नियामक सेबी ने कई मिड कैप शेयरों के दामों में भारी गिरावट संबंधी मामले में कार्रवाई करते हुए ब्रोकिंग फर्म माइलस्टोन शेयर एंड ब्रोकिंग पर रोक लगा दी है। सेबी ने शुक्रवार को एक अंतरिम आदेश जारी करते हुए यह कदम उठाया है।
हालांकि सेबी ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और सेबी जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में अंतिम कार्रवाई करेगा। यह मामला 26 जुलाई को बीएसई व एनएसई में कारोबार के दौरान मिडकैप वर्ग के कई शेयरों की कीमतों में 20 से 26 फीसदी तक की भारी गिरावट आने से संबंधित है।
इन शेयरों में पार्श्वनाथ डेवलपर्स, पिपावाव डिफेंस एंड ऑफशोर इंजीनियरिंग, ट्यूलिप टेलीकॉम, ग्लोडाइन टेक्नोसर्व शामिल थे। इन शेयरों में इंट्राडे कारोबार के दौरान इतनी बड़ी गिरावट तब आई थी, जबकि पिछले 15 दिनों में इनकी ओर से कोई भी कॉरपोरेट घोषणा नहीं हुई थी, न ही कोई ऐसी सूचना एक्सचेंज को दी गई थी, जिससे शेयरों की कीमतों पर असर पड़ता हो।