कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 28.69 फीसदी बढ़कर 862.54 रुपये पर पहुंच गया।
पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी को 670.23 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। बीती तिमाही में कंपनी की बिक्री से आय सालाना आधार पर 17.47 फीसदी बढ़कर 10,211.83 करोड़ रुपये के मुकाबले 11,996.33 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
एमएसआई की ओर से घोषित तिमाही नतीजों के मुताबिक दूसरी तिमाही के दौरान उसने कुल 3,21,898 वाहन बेचे, जोकि पिछले साल की दूसरी तिमाही में हुई 2,75,586 वाहनों की तुलना में 16.80 फीसदी अधिक है। मारुति ने मुनाफे और आय में बढ़ोतरी का श्रेय बिक्री में वृद्धि और खर्च घटाने के लिए कंपनी की ओर से किए गए उपायों को दिया है।