सरकार के मेक इन इंडिया ट्विटर अकाउंट पर मंगलवार को एक ऐसा ट्वीट किया, जिससे कारों और मोटरसाइकिलों के दाम गिरने की संभावना पैदा हो गई। जैसे ही लोगों को इस खबर के बारे में पता लगा तो मानो एक खुशी की लहर सी दौड़ गई हो, लेकिन इस खुशी को मायूसी में बदलने में चंद घंटे ही लगे।
मेक इन इंडिया ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट किया गया कि कारों और मोटरसाइकिलों पर उत्पाद शुल्क में कटौती कर दी गई है। हालांकि, इसके कुछ ही देर बाद मेक इंडिया ट्विटर अकाउंट पर की गई इस गलत ट्वीट का सुधार किया गया।
इस ट्वीट में कहा गया था, "छोटी कारों और मोटरसाइकिलों (12% > 8%), बड़ी कारों (27% > 24%) और मध्यम कारों (24% > 20%) पर उत्पाद शुल्क में कटौती कर दी गई है।"
जैसे ही यह खबर फैली तो मेक इन इंडिया ट्विटर अकाउंट संभालने वालों को अपनी गलती समझ में आ गई। इसके करीब 5 घंटे बाद ही ट्विटर पर मेक इन इंडिया की तरफ से अपनी गलती को सुधारते हुए एक और ट्वीट किया गया, जिसमें लिखा था, "उत्पाद शुल्क में की गई यह कटौती 31 दिसंबर 2014 तक ही मान्य थी।"
makeinindia_ Correction: These excise duty reductions were valid till 31 December, 2014 #MakeInIndia— Make in India (@MakeinIndia) January 6, 2015