देश का सबसे बड़ा बी2बी व्यापार मेला लाइट इंडिया 2014 ‘ग्रीन लाइटिंग’ की थीम के साथ बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। प्रगति मैदान में शुरू हुई इस प्रदर्शनी में ऊर्जा की कम खपत एवं इनोवेटिव लाइटिंग तकनीक और नए उत्पादों के रूप में इनके विभिन्न अप्लीकेशन दिखाए गए।
टाउन प्लानर, आर्किटेक और बिल्डर ग्रीन बिल्डिंग डिजाइन करने में इन तकनीकों और अप्लीकेशंस का इस्तेमाल कर सकते हैं। लाइटिंग की इन नई तकनीक और उत्पादों का प्रयोग व्यावसायिक, आवासीय और सार्वजनिक परिसरों के लिए किया जा सकता है।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कहा कि उपभोक्ता मानकों में बढ़ोतरी, शहरीकरण और सभी को बिजली उपलब्ध करने की सरकार की प्रतिबद्धता को देखते हुए लाइटिंग के लिए बिजली की खपत मौजूदा 19 फीसदी से अधिक नहीं होनी चाहिए। लोगों को इसके लिए जागरूक और सस्टेनेबल लाइटिंग अपनाने के प्रति प्रोत्साहित करने की जरूरत है। देशवासियों में इसके प्रति एक जनमानस बनाने में लाइट इंडिया की भूमिका काफी सराहनीय है।
प्रदर्शनी आगामी 21 सितंबर तक रहेगी। बिजनेस कार्डधारक ट्रेड विजिटर्स के लिए प्रवेश निशुल्क है। उद्घाटन मौके पर बीईई के महानिदेशक डॉ. अजय माथुर, ईएलसीओएमए के प्रेसिडेंट निरुपम सहाय, मेसी फ्रैंकफर्ट जीएमबीएच, जर्मनी के प्रेसिडेंट एवं सीईओ वोल्फगैंग मार्जिन आदि मौजूद थे।