वित्तीय संकट से जूझ रही किंगफिशर एयरलाइंस में घोषित आंशिक तालाबंदी 23 अक्तूबर तक जारी रहेगी। किंगफिशर ने कर्मचारियों की हड़ताल के बाद विगत 1 अक्तूबर को आंशिक तालाबंदी की घोषणा की थी, तभी से कंपनी की सभी उड़ानें स्थगित हैं। डीजीसीए से नोटिस मिलने के बाद किंगफिशर पर फ्लाइंग परमिट गंवाने का खतरा भी बना हुआ है।
शुक्रवार को किंगफिशर एयरलाइंस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 20 अक्तूबर तक घोषित आंशिक तालाबंदी को 23 अक्तूबर तक बढ़ाया जा रहा है। आगामी 6 नवंबर तक उड़ानों के फिर से बहाल होने की उम्मीद है।
उधर, किंगफिशर एयरलाइंस के कर्मचारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, कंपनी सिर्फ एक महीने का वेतन लेकर काम पर लौटने की बात कर रही है जबकि कर्मचारी बकाया वेतन की 50 फीसदी धनराशि से कम पर कतई तैयार नहीं हैं।