विजय माल्या की अगुवाई वाली किंगफिशर एयरलाइंस भले ही अपने कर्ज की अदायगी और कर्मचारियों के वेतन का भुगतान नहीं कर पा रही है, पर अपने सीईओ पर पैसे की बारिश करने में पीछे नहीं है।
किंगफिशर ने अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संजय अग्रवाल को बीते वित्त वर्ष में करीब 4 करोड़ रुपए का भारी-भरकम वेतन दिया है।
यह अलग बात है कि कई महीनों तक वेतन का भुगतान न किए जाने के चलते बीते वर्ष एयरलाइन के कर्मचारियों की संख्या करीब आधी होकर 2,851 पर आ गई।
अग्रवाल को वित्त वर्ष 2012-13 में कंपनी की ओर से 3.99 करोड़ रुपए का सालाना पैकेज दिया गया। यह इससे पिछले वित्त वर्ष (2011-12) में उन्हें दिए गए 4.01 करोड़ रुपए के पैकेज से नाममात्र ही कम है।
यह जानकारी कंपनी द्वारा अपने शेयरधारकों को आगामी 24 सितंबर को होने वाली सालाना आम बैठक (एजीएम) के मद्देनजर जारी की गई सालाना रिपोर्ट में दी गई है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पैकेज की इस राशि के अलावा अग्रवाल कंपनी की कार और फोन का इस्तेमाल करने के भी हकदार हैं।
अग्रवाल के अलावा किंगफिशर ने अपने पांच आला अधिकारियों को एक-एक करोड़ रुपए का सालाना पैकेज दिया, जबकि 44 अधिकारियों को प्रतिमाह 5 लाख रुपए या उससे ज्यादा का वेतन दिया गया।
31 मार्च 2013 को समाप्त वित्त वर्ष में किंगफिशर एयरलाइंस का कुल घाटा 16,000 करोड़ रुपए रहा। इसके अलावा कंपनी पर 6,900 करोड़ रुपए की लंबी अवधि के कर्ज व 1,750 करोड़ रुपए के अल्प अवधि के कर्ज का बोझ बीते वित्त वर्ष के अंत तक बना रहा।