सिगरेट, होटल, एफएमसीजी से लेकर कई तरह के कारोबार से जुड़ी कंपनी आईटीसी ने दिसंबर 2012 में समाप्त तिमाही के दौरान 2,051.85 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है, जोकि पिछले साल की समान तिमाही से 20.62 फीसदी अधिक है। इस दौरान कंपनी का सिगरेट, कृषि उत्पाद एवं कागज कारोबार अच्छा रहा।
कंपनी ने बंबई शेयर बाजार को अपने तिमाही वित्तीय नतीजों की जानकारी देते हुए बताया कि आईटीसी को पिछले साल इसी दौरान 1,700.98 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री भी 23.1 फीसदी बढ़कर 7,627 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 6,196.43 करोड़ रुपये थी। अक्तूबर- दिसंबर तिमाही में कंपनी की सिगरेट कारोबार से होने वाली आय 3,657.36 करोड़ रुपये रही।