ऑफिस में बैठा मैं खबरों से जूझ ही रहा था कि अचानक एक फोन आया देश की नामी टेलिकॉम कंपनी 'आइडिया' से। फोन उठाते ही किसी मिस रिचा ने काफी सौम्य भाषा में मुझे रिलायंस से आइडिया में पोर्ट करने की बात कही और एक शानदार ऑफर भी दिया।
आइडिया की तरफ से प्रस्तावित किया गया नया प्लान उस समय चल रहे मेरे प्लान से अच्छा था। मैंने भी उस प्लान के लिए रिलायंस में नंबर पोर्टेबिलिटी के लिए अर्जी डाल दी। करीब एक हफ्ते के अंदर मेरा नंबर भी रिलायंस से आइडिया में पोर्ट कर दिया गया।
लेकिन जैसे ही मेरा नंबर आइडिया में पोर्ट हुआ तो मुझे जो प्लान कंपनी की तरफ से दिया गया, उसे देखकर मेरे पैरों तले जमीन ही खिसक गई। मुझे जो भी वादे नंबर पोर्ट कराने से पहले किए गए थे, उन्हें पूरा नहीं किया गया।
अपना एक अच्छा प्लान छोड़कर मैंने आइडिया में पोर्ट तो करा लिया, लेकिन खुद को ठगा सा महसूस करने लगा। खैर, मुझे लगा इसकी शिकायत कंपनी से करनी चाहिए तो वो जरूर इस पर कोई एक्शन लेगी।
कंपनी से इस बात की कई बार शिकायत की गई, कई मेल किए गए, कई फोन किए गए, लेकिन हर शिकायत के अंत में मुझे यही महसूस हुआ कि कंपनी ने मुझे ठग लिया है और अब मुझे आइडिया के उसी प्लान को इस्तेमाल करना होगा जो मुझे मिला है।
पहली शिकायत के कुछ समय बाद कंपनी ने मेरा प्लान बिना मेरी इजाजत के किसी दूसरे प्लान में बदल दिया। पहले तो मुझे कंपनी ने ठगा और कुछ ही दिनों बाद ऐसा चूना लगाया कि मैं समझ ही नहीं पाया कि ये हो क्या रहा है।
मैंने कंपनी को वह कॉल रिकॉर्डिंग भेजीं, जिसमें मुझे बताए गए प्लान का पूरा ब्यौरा मौजूद था, लेकिन कंपनी ने उस रिकॉर्डिंग को भी मानो किसी ठंडे बस्ते में डाल दिया।
काफी दिनों तक इंतजार करने के बाद कंपनी की तरफ से फोन आया और उन्होंने यह माना भी उनकी ही किसी कर्मचारी की वजह से मुझे गलत प्लान बताया गया। बावजूद इसके कंपनी ने मुझे वो प्लान नहीं दिया, जिसका उन्होंने वादा किया था।
मेरे कई महीने इसी तरह से कंपनी से एक ही बात की बार-बार शिकायत करते हुए बीत गए। अभी तक कंपनी ने इसका कोई समाधान नहीं किया। आपके पास भी ऐसा फोन आ सकता है, जो आपको ठगने के लिए नए-नए ऑफर दे सकता है।
हो सकता है कि दूसरी मोबाइल कंपनियां भी लोगों को ऐसा ऑफर दे रही हों और आप में से कई लोग इसके शिकार हों। लेकिन मेरा अनुभव आइडिया के साथ है इसलिए मैं आपको एक नागरिक और उपभोक्ता की तरह बता सकता हूं कि सचेत रहें ऐसे फोन कॉल से, खासकर आइडिया कंपनी को फोन से।