भारत और पाकिस्तान के बीच वाणिज्य सचिव स्तर की दो दिवसीय वार्ता बृहस्पतिवार से इसलामाबाद में शुरू हो रही है। इसमें दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने और पेट्रोलियम उत्पादों का व्यापार शुरू करने जैसे मसले उठाए जाएंगे। इसलामाबाद जाने वाले 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वाणिज्य सचिव एसआर राव कर रहे हैं। पाकिस्तानी प्रतिनिधि का नेतृत्व वहां के वाणिज्य सचिव मुनीर कुरैशी करेंगे। दोनों देशों के वाणिज्य सचिवों के बीच वार्ता पिछले साल नवंबर में हुई थी।
एक अधिकारी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को बढ़ाना है। इसमें दोनों देश बिजली के क्षेत्र में व्यापार और एक दूसरे के यहां अपने बैंकों की शाखाएं खोलने समेत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों पक्ष एक दूसरे के बीच खासकर नई दिल्ली और इसलामाबाद के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने के इच्छुक हैं। भारत अपने इस पड़ोसी देश को जमीनी रास्ते से पेट्रोल और डीजल का निर्यात करना चाहता है। इसके साथ ही नई दिल्ली 500 मेगावॉट बिजली की सप्लाई करने का भी इच्छुक है।
दोनों देश सीमा शुल्क सहयोग और व्यापार से संबंधित शिकायतों के निवारण संबंधी समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए खोखरापार-मुनाआबाओ जैसे और व्यापारिक मार्ग खोलने पर चर्चा करेंगे। हाल ही में भारत और पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच उद्यमियों और प्रोफेशनल्स की आवाजाही बढ़ाने के लिए उदार वीजा समझौते पर समझौता किया था।