दुनिया के प्रमुख स्टील उत्पादक देशों में भारत के स्टील उत्पादन की वृद्धि दर सबसे अधिक रही। अक्तूबर में देश में स्टील के उत्पादन में 8.5 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि ग्लोबल स्तर पर स्टील उत्पादन तकरीब स्थिर रहा।
वर्ल्ड स्टील एसोसिएशन (डब्ल्यूएसए) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते माह भारत में 70.8 लाख टन स्टील का उत्पादन हुआ। पिछले साल अक्तूबर में यह 65.2 लाख टन रहा था। डब्ल्यूएसए के मुताबिक अक्तूबर में चीन, अमेरिका और जापान में स्टील के उत्पादन में कमी आई।
हालांकि रूस में उत्पादन सालाना आधार पर 1.6 फीसदी अधिक रहा। आंकड़ों के मुताबिक चीन में स्टील का उत्पादन अक्तूबर में 0.3 फीसदी घटा। जापान के स्टील उत्पादन में 1.7 फीसदी की कमी रही, जबकि अमेरिका में 0.7 फीसदी की गिरावट रही। गौरतलब है कि चीन, जापान, अमेरिका और भारत दुनिया के चार सबसे बड़े स्टील उत्पादक देश हैं और यह क्रम कई वर्षों से ऐसा ही बना हुआ है।