नौकरियों को लेकर टेलीकॉम, बैंकिंग और वित्तीय सर्विसेज जैसे सेक्टरों में बेहतर संभावनाओं से इस साल अप्रैल में नियुक्तियों की गतिविधियों में तेजी देखी गई।
जॉब पोर्टल नौकरी डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल में नियुक्ति गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई और मासिक रोजगार सूचकांक बढ़कर 1,368 अंक पर पहुंच गया। यह सूचकांक ऑनलाइन नौकरियों के रुझानों को उपलब्ध कराता है।
मार्च में रोजगार सूचकांक 1,304 पर था। नौकरी डॉट कॉम ने अपने बयान में कहा है कि चालू वित्तवर्ष के पहले महीने में ही रोजगार सूचकांक में सकारात्मक रुझान देखा गया और अप्रैल 2013 में यह मार्च 2013 की तुलना में पांच फीसदी बढ़कर 1,368 अंक पर पहुंच गया।
पिछले महीने टेलीकॉम सेक्टर में नौकरियों की गतिविधियों में 15 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई थी, जबकि बैंकिंग और वित्तीय सर्विसेज सेगमेंट यह रफ्तार 10 फीसदी थी। जॉब पोर्टल के मुताबिक लगातार तीन महीने में आई गिरावट के बाद अप्रैल में बीमा सेक्टर के जॉब सूचकांक में मार्च 2013 के मुकाबले 27 फीसदी की दर से वृद्धि देखी जा रही है।
इंफो एज इंडिया के सीईओ एवं एमडी हितेश ओबराय का कहना है कि चालू वित्तवर्ष (2013-14) के पहले महीने में ही नौकरियों की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक रुझान मिले हैं। सभी सेक्टरों में नियुक्तियों में तेजी देखी जा रही है लेकिन यह रुझान आगे भी बना रहेगा, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी। नौकरी डॉट कॉम इंफो एज समूह का हिस्सा है।
शहरों के लिहाज से देखा जाए तो अप्रैल में दिल्ली और कोलकाता में नियुक्तियों की रफ्तार सबसे अधिक रही और यह क्रमश: 15 फीसदी और 11 फीसदी दर्ज की गई।