बिजली बनाने वाली सरकारी कंपनी एनटीपीसी को कोल इंडिया द्वारा घटिया क्वालिटी का कोयला सप्लाई किए जाने के आरोपों के बाद सरकार ने कहा है कि वह कोयले की सैंपलिंग की प्रक्रिया में सुधार पर काम कर रही है।
एनटीपीसी के एक कार्यक्रम के बाद ऊर्जा मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कोयले की सैंपलिंग व क्वालिटी परीक्षण की प्रक्रिया पर पनर्विचार किए जाने की जरूरत है। इस बारे में हम कोयला मंत्रालय के साथ बातचीत कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि आपसी बातचीत के जरिये हम कोल सैंपलिंग का कोई वाजिब और तर्कसंगत तरीका तय कर लेंगे। इसके अलावा हम खनन परियोजनाओं की मंजूरी और कोयले के मूल्य निर्धारण को लेकर भी कोयला और पर्यावरण मंत्रालय के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं। कोल ब्लाकों की नीलामी के बारे में कुछ भी कहने से इनकार करते हुए सिंधिया ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता है कि हम 60,000 मेगावाट बिजली उत्पादन के लिए कोयले की निर्बाध आपूर्ति को पुख्ता ढंग से सुनिश्चित कर सकें।
सिंधिया ने शुरू की उड़ान योजना
ऊर्जा मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जम्मू और कश्मीर के युवाओं के लिए उड़ान योजना की शुरूआत की। इसके तहत युवक रोजगार के क्षेत्र में प्रशिक्षित किए जाएंगे। सिंधिया ने उड़ान योजना को लागू करने पर पीएसयू में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए एनटीपीसी को बधाई भी दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस योजना से राज्य के युवक देश के विकास में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर एनटीपीसी के चेयरमैन अरूप राय चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।