अगर आप रेल किराया और सब्जियों के दाम बढ़ने से त्रस्त हैं तो ये खबर आपको जरूर राहत देगी। रेल किराए में बढ़ोतरी के झटके बाद मोदी सरकार ने अगले तीन महीने तक प्राकृतिक गैस की कीमतें नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। इराक में जारी संघर्ष और बढ़ती महंगाई को देखते हुए सरकार ने फिलहाल गैस कीमतें नहीं बढ़ाने का फैसला किया है।
सितंबर में सोचेंगे दाम बढ़ोतरी पर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) की बैठक में गैस कीमतें बढ़ाने का मामला तीन महीने के लिए टाल दिया है।
अब इस मसले पर फैसला सितंबर के बाद लिया जाएगा। सीसीईए की बैठक के बाद पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि प्राकृतिक गैस के दाम बढ़ाने का फैसला तीन महीने के लिए स्थगित कर दिया गया है।
ऊर्जा और परिवहन क्षेत्र को मिली राहत
इस मामले पर सरकार सभी पक्षों से बात करने के बाद ही निर्णय लेगी। पिछले कई दिनों से गैस कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। सीसीईए के फैसले से इन पर विराम लग गया है।
यूपीए सरकार ने प्राकृतिक गैस के दाम 4.2 डॉलर प्रति यूनिट से बढ़ाकर 8.4 करने की मंजूरी दे दी थी। लेकिन चुनाव आचार संहिता के चलते यह फैसला लागू नहीं हो पाया।
अब मोदी सरकार नए सिरे से इस मामले पर विचार कर रही है। गैस कीमतों में बढ़ोतरी टालने से ऊर्जा और उर्वरक और परिवहन क्षेत्र को बड़ी राहत मिली है। गैसे कीमतें बढ़ने से सीएनजी व पीएनजी के दाम भी बढ़ते और महंगाई की आग भड़कने का खतरा था।