रिजर्व बैंक द्वारा सोने के आयात पर सख्ती बढ़ाने और विदेशी बाजारों में दाम चढ़ने से घरेलू सराफा बाजार में सोना एक बार फिर 28 हजार के पार चला गया।
सोने के दाम 685 रुपये बढ़कर एक माह के शीर्ष स्तर 28,365 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। वहीं, औद्योगिक व सिक्का निर्माताओं की मांग बढ़ने से चांदी के भाव 795 रुपये बढ़कर 42,120 रुपये प्रति किलो हो गए।
सराफा बाजार के कारोबारियों के मुताबिक, रिजर्व बैंक ने मंगलवार को सोने के आयातकों पर आयातित सोने में से 20 फीसदी सोना निर्यात के लिए सुरक्षित रखने की शर्त लगा दी। आरबीआई के इस फैसले का असर कीमतों पर दिखाई दिया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना करीब एक साल शीर्ष पर पहुंच गया।
फेड रिजर्व द्वारा आर्थिक सहायता पैकेज को बनाए रखने की अटकलों के बाद निवेशकों का रुझान सोने की खरीदारी में बना हुआ है। न्यूयार्क में सोने के भाव 3.3 फीसदी बढ़कर 1,337.30 डॉलर प्रति औंस हो गए। यह 29 जून 2012 के बाद सोने का शीर्ष स्तर है।
इधर, घरेलू सराफा बाजार में सोना 99.9 और सोना 99.5 प्रत्येक में 685 रुपये की तेजी आई और भाव क्रमश: 28,365 और 28,165 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। सोने की आठग्रामी गिन्नी भी 100 रुपये मजबूत होकर 24,400 रुपये प्रति हो गई। तेजी का यह रुझान चांदी में भी रहा।
चांदी हाजिर 795 रुपये मजबूत होकर 42,120 रुपये प्रति किलो हो गई। चांदी साप्ताहिक आपूर्ति वायदा 845 रुपये बढ़कर 42,045 रुपये प्रति किलो बोला गया। चांदी के सिक्कों में 2,000 रुपये की तेजी आई और सिक्का लिवाली 81,000 व बिकवाली 82,000 रुपये प्रति सैकड़ा हो गए।
इस तरह बढ़ी सोने के आयात पर सख्ती
:- सोने पर आयात शुल्क 2 फीसदी से बढ़ाकर 8 फीसदी कर दिया गया
:- बैंक 50 ग्राम से अधिक के सोने के बदले नहीं दे सकते हैं कर्ज
:- एनबीएफसी सोने के मूल्य का 60 फीसदी तक ही दे सकती हैं कर्ज
आयात-निर्यात (2012)
:- 970 टन हुआ था आयात
:- 70 टन हुआ था निर्यात