निचले भाव पर खरीदारी से घरेलू सराफा बाजार में सोने के दाम 120 रुपये बढ़कर 26,800 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। सोने में तीन दिनों के बाद तेजी लौटी है।
सोने के दाम चढ़ने की मुख्य वजह स्थानीय बाजार में निचले भाव पर खरीदारी और विदेशी बाजारों में कीमतों में बढ़ोतरी रही। हालांकि, सीमित मांग के चलते चांदी के दाम 40,500 रुपये प्रति किलो पर स्थिर रहे।
कारोबारियों का कहना है कि थोक और खुदरा कारोबारियों द्वारा निचले भाव पर खरीदारी से सोने के भाव में मजबूती लौटी। विदेशी बाजारों में चार दिनों के बाद सोने के भाव में तेजी आई। सिंगापुर में सोने के भाव 1.5 फीसदी बढ़कर 1,244.85 डॉलर प्रति औंस हो गए और चांदी 1.8 फीसदी बढ़कर 18.84 डॉलर प्रति औंस बोली गई।
घरेलू बाजार में सोना 99.9 और सोना 99.5 प्रत्येक में 120 रुपये की रिकवरी हुई और भाव क्रमश: 26,800 रुपये और 26,600 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। सोने की आठग्रामी गिन्नी 24,000 रुपये प्रति पर स्थिर रही। चांदी हाजिर के भाव 40,500 रुपये प्रति किलो पर पड़े रहे।
चांदी साप्ताहिक आपूर्ति वायदा 20 रुपये नरम होकर 39,570 रुपये प्रति किलो रहा। चांदी सिक्के के भाव 1,000 रुपये बढ़कर लिवाली 77,000 और बिकवाली 78,000 रुपये प्रति सैकड़ा हो गए।