रुपये में आई मजबूती के बीच वैश्विक सराफा बाजारों में नरमी से बुधवार को घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई।
घरेलू बाजार में सोने के भाव 230 रुपये गिरकर 28,500 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गए। औद्योगिक मांग में सुस्ती के चलते चांदी भी 500 रुपये उतरकर 44,800 रुपये प्रति किलो पर आ गई।
कारोबारियों का कहना है कि कमजोर वैश्विक रुझानों और रुपये में आई मजबूती का दबाव घरेलू बाजार में कीमतों पर पड़ा।
शेयर बाजार में आए उछाल से निवेशकों द्वारा फंड बुलियन से इक्विटी में ट्रांसफर करने और थोक व खुदरा कारोबारियों द्वारा खरीदारी कमजोर रहने से भी घरेलू बाजार में सोने का भाव प्रभावित हुआ। सिंगापुर में सोने के भाव घटकर 1,326.20 डॉलर प्रति औंस पर आ गए।
घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट का असर सिक्कों के भाव पर नहीं हुआ। सोने की आठग्रामी गिन्नी 24,900 रुपये प्रति पर टिकी रही। चांदी सिक्कों में भी स्थिरता रही। चांदी सिक्का लिवाली 79,000 और बिकवाली 80,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।