विदेशी बाजारों में तेजी के बीच स्थानीय स्तर पर मांग बढ़ने से घरेलू सराफा बाजार में शुक्रवार को सोने-चांदी की कीमतों में उछाल आया। सोने के भाव 360 रुपये उछलकर 27,600 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए।
औद्योगिक और सिक्का निर्माताओं की तरफ से मांग आने से चांदी भी 900 रुपये मजबूत होकर 42,100 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। विदेशी बाजार में सोने के भाव दो सप्ताह के उच्चतम स्तर पर दर्ज किए गए।
सराफा कारोबारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने के भाव में मजबूती आने से घरेलू बाजार में भी कीमतों ने तेजी का रुख किया। अमेरिकी अर्थव्यवस्था में रिकवरी धीमी पड़ने के आसार और इराक में तनाव के चलते सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ने का असर कीमतों पर हुआ है।
सिंगापुर में सोना 0.2 फीसदी मजबूत होकर 1,275.65 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। यह बीते 27 मई के बाद सोने का उच्चतम स्तर है। वहीं, चांदी भी 0.5 फीसदी ऊपर 19.63 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज की गई।
घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में आई तेजी का असर सिक्कों के भाव पर भी हुआ। सोने की आठग्रामी गिन्नी के भाव 100 रुपये बढ़कर 24,500 रुपये प्रति हो गए। चांदी सिक्का की कीमतों में 2,000 रुपये प्रति सैकड़ा की तेजी आई। चांदी सिक्का लिवाली 77,000 और बिकवाली 78,000 रुपये प्रति सैकड़ा हो गए।