विदेशों में नरमी और स्थानीय स्तर पर ग्राहकी नहीं आने से घरेलू सराफा बाजार में सोना दो सप्ताह के न्यूनतम स्तर पर आ गया। सोना 190 रुपये उतर कर 31,950 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा और चांदी 800 रुपये फिसलकर 60,400 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई।
लंदन से मिली जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय कारोबार में सोना 0.8 फीसदी लुढ़क कर 1,758.51 डॉलर प्रति औंस पर रहा। सोने की तुलना में चांदी में अधिक गिरावट देखी गई। चांदी 1.7 फीसदी गिरकर 33.84 डॉलर प्रति औंस रही। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि डॉलर में आई तेजी से शेयर और कमोडिटी बाजार पर दबाव बना है।
विदेशी बाजारों में गिरावट और स्थानीय स्तर पर ग्राहकी कमजोर रहने के बीच बीते सप्ताह रुपये में आई तेजी का असर भी सोने पर दिख रहा है। सोना करीब दो सप्ताह के बाद 32 हजार के स्तर से नीचे उतरा। सोने के भाव 190 रुपये गिरकर 31,950 रुपये प्रति दस ग्राम रहे। गिन्नी 50 रुपये उतर कर 25,400 रुपये प्रति दर्ज की गई। मांग नहीं आने से चांदी 800 रुपये फिसलकर 60,400 रुपये प्रति किलो बोली गई।
चांदी सिक्के में 2,000 रुपये प्रति सैकड़ा की गिरावट रही। सिक्का लिवाली 75,000 और बिकवाली 76,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर रहे। सराफा कारोबारियों के अनुसार ऊंची कीमत की वजह से बाजार से ग्राहकी गायब है। लोगों को कीमतों में कमी का इंतजार है। थोक में पूछ परख नहीं है, जबकि खुदरा में कुछ मांग आ रही है।